
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। मिशन शक्ति फेज पांच के तहत आनंदी बाई हर्षे बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक किया गया। जिसमें विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई।
आनंदी बाई हर्षे बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज पांच के तहत एसएसआई संजय कुमार यति, महिला चौकी प्रभारी मधु देवी, महिला आरक्षी रेणुका, प्रकांक्षा की उपस्थिति में छात्राओं को जागरूक किया गया। महिला चौकी प्रभारी मधु देवी ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार की ओर से महिला सुरक्षा को लेकर दी गई सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। कहा कि वह किसी से डरें नहीं, कोई भी उन्हें परेशान करता है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबरों की मदद लें। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल उनकी सहायता के लिए मौजूद होगी। छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1098, 1076 की जानकारी देते हुए महिला कांस्टेबल प्रकांक्षा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी युवती को परेशान करे तो वह बेहिचक हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दे सकती हैं। उनका नाम व पहचान गुप्त रखा जाएगा। इन नंबरों की जानकारी अपने घर और सहेलियों को भी भी दें। ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह भी मदद ले सकें। एसएसआई ने कहा कि चुप रहना सबसे बड़ी समस्या है। यदि कोई आपको परेशान करता है तो तत्काल इसका विरोध करें। यदि शुरू ही में विरोध कर दिया जाए तो अगले व्यक्ति की आगे से आपको परेशान करने की हिम्मत नहीं होगी। यदि आप चुप रहती हैं तो अपराधियों के हौसले बढ़ जाते हैं। यदि आपको विरोध करने डर लग रहा है तो तत्काल पुलिस की सहायता लें। पुलिस आपकी पहचान को गुप्त रखकर आपकी सहायता करेगी और अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इस मौके पर प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा, आरती, संध्या, प्रिया, वंदना, सौम्या, भावना आदि मौजूद रहीं।



