
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल में दीपावली पर्व के अवसर पर रामोत्सव का आयोजन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर अयोध्या नगरी का आभास दे रहा था। विद्यार्थियों द्वारा सजीव झांकी प्रस्तुत कर त्रेता युग की झलक साकार कर दी गई।
कार्यक्रम में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के रूप में सजे बच्चों ने जैसे ही अयोध्या रूपी सजे विद्यालय में प्रवेश किया, वहां मौजूद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान अयोध्यावासियों के रूप में सजे अन्य बच्चों ने पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने “राम आयेंगे” गीत पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर व्यापार मंडल से नगर अध्यक्ष श्यामजी गुप्ता, अनिल गुप्ता, दीपूलाला पुरवार, कौशल किशोर, पुष्पेंद्र यादव, मनीष धूसर एवं सुधांशु गुप्ता आदि मौजूद रहे। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कारों का भी संचार करना है। बच्चे देखकर अधिक सीखते हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें हमारी संस्कृति से जोड़ा जाता है। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र सिंह ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में श्रद्धा अवस्थी, शगुफ्ता सिद्दीकी, सीता सेंगर, सोहनी मोनिका, नेहा और रोहिणी का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय का प्रत्येक कोना भक्तिरस और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।



