
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। नवीन गल्ला मंडी में गल्ला व्यापारियों के संगठन गल्ला व्यापार कल्याण समिति का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में सौ फीसदी मतदान हुआ। अध्यक्ष पद पर प्रेमदास गुप्ता भूरे मामा ने जीत दर्ज की।
इस बार गल्ला व्यापार कल्याण समिति का चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन गया था। अध्यक्ष पद पर प्रेमदास गुप्ता व पंकज कुमार गुप्ता, महामंत्री पद पर संदीप तिवारी व गजेंद्र सिंह गर्जर और कोषाध्यक्ष पद पर मोहन सिंह कुशवाहा व मनोज शिवहरे चुनाव मैदान में थे। अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने जीत के दिन रात एक कर दिया। सुबह 10 बजे से चुनाव अधिकारी कमलेश कुमार निरंजन, अनंत कुमार गुप्ता, मानसिंह वर्मा, राजीव श्रीवास्तव, संतराम कुशवाहा के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सायं तीन बजे तक पंजीकृत 257 मतदाताओं में सभी ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। जिसमें अध्यक्ष पद पर प्रेमदास गुप्ता भूरे मामा ने 178 मत प्राप्त किए जबकि उनके प्रतिद्वंदी पंकज कुमार गुप्ता को 79 मत मिले। भूरे मामा ने 99 मतों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। महामंत्री पद पर गजेंद्र सिंह गुर्जर को 175 व उनके प्रतिद्वंदी संदी तिवारी को 82 मत मिले। गजेंद्र सिंह गुर्जर ने 93 मतों से जीत दर्ज की। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर मोहन सिंह कुशवाहा को 139 मत मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी मनोज शिवहरे को 116 मत मिले। इस पद पर एक मत अनवैलिड रहा। चुनाव में मोहन सिंह कुशवाहा ने 23 मतों से जीत दर्ज की। जीत के बाद समर्थकों ने फूल मालाओं से लादकर उनका स्वागत किया।



