
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। गांव में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बारिश के मौसम में गांव में जल भराव हो जाता है। गांव के बाहर एक किमी दूर नाला है, जहां से जल निकासी हो सकती है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम औरेखी निवासी ज्ञानचंद्र, दयाशंकर, उपेंद्र कुमार, सर्वेश कुमार, महेश्चंद्र, अरविंद दुबे, अवध किशोर, संतोष आदि ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। हर वर्ष मानसून के दौरान थोड़ी सी बारिश में ही गांव की गलियां और घरों के आसपास का क्षेत्र पानी से भर जाता है। इससे न केवल आने-जाने में कठिनाई होती है, बल्कि मवेशियों को चारा-पानी देने और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के पानी के चलते गांव में कीचड़ और गंदगी फैल जाती है, जिससे संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से बाहर लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर एक बड़ा नाला है, जिससे जल निकासी आसानी से हो सकती है। यदि ग्राम पंचायत या प्रशासन इस नाले तक जल निकासी के लिए पक्की नाली या जल मार्ग का निर्माण करा दे, तो पूरे गांव की यह गंभीर समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है।



