बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन(उरई)। बुधवार को अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोग घायल हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया।
बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे एक मारूती वैन अध्यापकों को उरई की ओर जा रही थी। वैन में मड़ैया अंगदैला जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक राजेंद्र वर्मा, सहायक अध्यापक मानसिंह दोहरे, प्राथमिक विद्यालय मुल्लान का पुरा के अध्यापक बलराम प्रजापति, प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मनपुरा के अध्यापक शैलेंद्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय रिठौरा के अध्यापक महेशदत्त एवं वैन चालक राहुल सवार थे। आकोढ़ी दुबे के पास रास्ते में खड़े ट्रैक्टर की ट्राली को वैन चालक समझ नहीं पाया और ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर लग गई। टक्कर लगते ही चीख पुकार मच गई। मौके से निकल रहे खंड शिक्षा अधिकारी माधौगढ़ नेत्रपाल सिंह सभी घायलों को अपनी गाड़ी में मेडिकल कॉलेज उरई ले गए। जहां उनका इलाज चल रहा है।
उधर, बाइक सवार राहुल (25) निवासी चैरसी उरई व उनके साथ राजेंद्र (52) उरई की ओर से जालौन की ओर आ रहे थे। तभी भिटारा के पास उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों व्यक्ति बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को सीएचसी ले आई। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों न प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।



