बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन। ब्लॉक सभागार में प्रधानों की बैठक में ब्लॉक प्रधान संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से शिखा सिंह हरदोई राजा को अध्यक्ष एवं जगराम सिंह अलाईपुरा को उपाध्यक्ष पद पर चुना गया। बैठक के बाद प्रधानों ने गांवों की समस्याओं के समाधान मांग अधिकारियों से की।
प्रधानों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए प्रधान संघ की आवश्यकता महसूस हो रही थी। इसी को लेकर ब्लॉक सभागार में प्रधानों की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें ब्लॉक प्रधान संघ की कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से शिखा सिंह को अध्यक्ष पद पर चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर जगराम सिंह अलाईपुरा, कोषाध्यक्ष शिव कुमार खनुआं और महामंत्री पद पर अमित मलकपुरा को चुना गया। ब्लॉक प्रधान संघ के गठन के बाद गांवों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों और प्रधानों ने बीडीओ संतराम से भेंट कर रोस्टर प्रणाली के तहत सचिवों के पंचायत भवन में बैठने की मांग की, जिससे ग्रामीणों की मूल आवश्यकताओं को गांव में ही पूरा किया जा सके। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के निदान के लिए सचिव से मिलने के लिए परेशान न होना पड़े और उनकी समस्याओं का गांव में ही समाधान हो सके। इसके उपरांत संगठन के सदस्यों ने तहसीलदार बलराम गुप्ता से भी भेंट की। जिसमें उन्होंने तहसीलदार से मांग की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन लेखपालों के लिए निर्धारित कर दिया जाए। निर्धारित दिन को लेखपाल ग्राम पंचायत में आकर भूमि व राजस्व संबंधी कार्यों को निपटा सकें। इससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा और उनके धन व समय की भी बचत हो सकेगी। दोनों ही अधिकारियों ने पदाधिकारियों को उनकी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।
फोटो परिचय 01: ब्लॉक कार्यालय में बीडीओ को समस्याओं से अवगत कराते ब्लॉक प्रधान संघ के पदाधिकारी।