जालौन

भाजपा नेत्री द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर बिना अनुमति के एक जगह इकट्ठा हुए 150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

जालौन(उरई)। भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा द्वारा पिछले दिनों की गई पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्रित होकर भाजपा नेत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी और उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखे जाने को लेकर ज्ञापन भी दिया था। बिना अनुमति के एक साथ सैंकड़ों लोगों के एकत्रित होने पर पुलिस ने 5 नामजद एवं 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कुछ दिन पूर्व भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा ने एक टीवी चैनल पर लाइव डिबेट के दौरान पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी। उसी को एक अन्य भाजपा नेता नवीन जिंदल ने भी प्रोत्साहित किया था। उक्त टिप्पणी के बाद कानपुर में दो पक्षों के बीच विवाद भी हो गया था। जिसके बाद भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल को पार्टी ने निलंबित भी कर दिया था। उक्त टिप्पणी और घटना के विरोध में शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे मुस्लिम समाज के लोग सैंकड़ों की संख्या में तकिया मैदान पर एकत्रित हुए थे। जहां हाथों मंे तख्ती लेकर समाज के लोगों ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी के लिए नारेबाजी भी की थी। इस दौरान फेसबुक पर वायरल एक आपत्तिजनक पोस्ट के वायरल होने को लेकर भी नारेबाजी हुई थी। बाद में इससे संबंधित एक ज्ञापन भी एएसपी असीम चैधरी को सौंपा गया था। उक्त मामले में बिना अनुमति के एक साथ सैंकड़ों की संख्या में लोगों के एकत्रित होने, नारेबाजी करने एवं रास्ता अवरूद्ध होने से आवगमन अवरूद्ध होने को लेकर पुलिस ने इमरान अंसारी, इरशाद अंसारी, बाबू मिस्त्री, आमिर व आसिफ समेत 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी असीम चैधरी ने बताया कि शांति समिति की बैठक में किसी भी प्रकार के जुलूस और प्रदर्शन के लिए मना किया गया था। इसके बाबजूद सैंकड़ों की संख्या में न सिर्फ लोग एकत्रित हुए बल्कि रास्ता अवरूद्ध कर नारेबाजी भी की गई। जिसके चलते उक्त व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button