जालौन(उरइ)। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए नगर में शीघ्र ही महिला थाना खोला जाएगा। इसके लिए छत्रसाल ग्राउंड के पास जमीन देख ली गई है। महिला थाना खुलने से महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
जिले में अभी तक जिला मुख्यालस उरई में ही महिला थाना स्थापित है। नगर में लगभग 80 हजार की आबादी है। जिनमें आधी आबादी महिलाओं की है। महिलाओं के प्रति होेने वाले अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। यही कारण है कि नए महिला थाने की आवश्यकता महसूस हो रही है। यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो नगर को शीघ्र ही महिला थाने की सौगात मिलेगी। महिला थाना खोलने के लिए जमीन का निर्धारण किया जा रहा है। इसके लिए ए एसडीएम राजेश सिंह, सीओ संतोष कुमार व कोतवाल शैलेंद्र सिंह की टीम ने नगर में भ्रमण कर महिला थाने के लिए जमीन देखी। कई स्थानों पर जमीन देखने के बाद छत्रसाल ग्राउंड के पास स्थित जमीन को महिला थाना खोलने के लिए चयनित किया गया। महिला थाने खुलने के बाद कोतवाली में भी कार्यभार कुछ कम होगा। महिलाओं से संबंधित सभी शिकायतों का निस्तारण महिला थाने में ही होगा। इस संदर्भ में एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए नगर में महिला थाना खोले जाने की योजना है। इसके लिए छत्रसाल ग्राउंड के पास जगह का चयन किया गया है। यहां महिलाएं बिना किसी परेशानी के पहुंचकर महिला पुलिस अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत करा सकती हैं। बताया कि प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों के पास भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने के पश्चात् महिला थाने का निर्माण शुरू हो जाएगा। जिससे महिलाओं को सहूलियत मिल सके।