उरई

किसान भाई अपने हक की हर योजना के लिये बने जागरूकःजिलाधिकारी

0 मटर महोत्सव के दूसरे दिन कृषि वैज्ञानिकों ने साझा किया मंच

सत्येन्द्र सिंह राजावत
उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज में 4 से 6 जनवरी, 2022 के मध्य मनाया जा रहा बुंदेलखंड मटर महोत्सव एवं मेले के द्वितीय दिवस में जनपद के प्रगतिशील कृषकों एवं महिलाओं ने हजारों की संख्या में भाग लिया।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मटर महोत्सव में किसानों के हित के चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही हर योजना के प्रति जागरूक होने और उसका लाभ लेकर आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर होने पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद के किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो उस समस्या को जनपद स्तर पर ही निराकरण कराने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर जनपद स्तर पर किसान भाइयों की समस्या का निराकरण नहीं होता है तो प्रदेश स्तर पर समस्या का निराकरण कराया जाएगा। किसानों को कृषि में उन्नत तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरुक रहने और उनका लाभ उठाने पर भी बल दिया। उन्होंने कृषकों का उत्साहबर्द्धन करते हुये मटर से सम्बन्धित उत्पादन, विपणन में आ रही समस्याओं के निदान करने में हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। महोत्सव में भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. अशोक परिहार, प्रधान वैज्ञानिक डा. आरके मिश्रा, चन्द्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. मनोज कटियार, कृषि विज्ञान केन्द्र हमीरपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा. मोहम्मद मुस्तफा, फसल विशेषज्ञ कृषि विज्ञान केन्द्र हमीरपुर डा. शालिनी एवं अधिष्ठाता रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के डा. एसके चतुर्वेदी, संयुक्त कृषि निदेशक, झांसी मण्डल झांसी सुरेन्द्र सिंह चैहान द्वारा सब्जी एवं सफेद मटर की प्रजातियों एवं बीज उत्पादन तकनीक भण्डारण तथा फ्रोजन मटर तैयार करने की तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। साथ ही साथ जनपद के प्रगतिशील किसानों ने भी अपनी-अपनी सफलता की कहानियों के बारे में बताया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर अभय कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र मौर्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकुर कौशिक, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल, उप कृषि निदेशक सुशील कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, कृषि अधिकारी गौरव यादव, आदि सहित कृषक मौजूद रहे।
फोटो परिचय—
मटर महोत्सव में किसानों को संबोधित करती डीएम प्रियंका निरंजन।

Related Articles

Back to top button