
उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के प्रधानाचार्य डॉ. अरविन्द त्रिवेदी ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, ओपीडी एवं अन्य विभागों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। प्रधानाचार्य ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करने को कहा।



