स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत पर डीएम की पैनी नजर, सीएचसी जालौन का औचक निरीक्षण
हेल्थ एटीएम व अल्ट्रासाउंड सेवाएं जल्द सुचारु करने के निर्देश, मरीजों से सीधे संवाद कर जाना हाल

उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद स्थापित कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध हो रही हैं और चिकित्सकों द्वारा समुचित उपचार भी प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान परिसर में स्थापित हेल्थ एटीएम की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। मशीन के पूर्ण रूप से क्रियाशील न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसे दो दिवस के भीतर पूर्णतः संचालित किया जाए, ताकि मरीजों को त्वरित जांच की सुविधा मिल सके।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध अल्ट्रासाउंड मशीन का उपयोग रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में न हो पाने की स्थिति पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सप्ताह में दो दिन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बाहरी केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर जांच सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी मूलभूत सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें और मरीजों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हों और किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जालौन, हेमन्त पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी व चिकित्सक मौजूद रहे।



