उरई

जनसेवा का सशक्त मंच बना सम्पूर्ण समाधान दिवस, हर फरियाद पर त्वरित कार्रवाई

राजेश कुमार पाण्डेय व विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में 57 शिकायतों की सुनवाई, 13 का मौके पर निस्तारण; बुजुर्ग महिला को राहत, आयुष्मान कार्ड वितरण व टीबी मरीजों को पुष्टाहार से संवेदना का संदेश

उरई (जालौन)। तहसील जालौन में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जनसेवा, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता उस समय देखने को मिली, जब लगभग 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला कामना देवी ने अपना राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए उनके राशन कार्ड का शीघ्र निर्माण सुनिश्चित करने को कहा, जिससे उन्हें शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्रों तक पहुंचाया गया। 70 वर्ष से अधिक आयु के 18 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल प्राप्त होगा। इसके साथ ही 2 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की दिशा में पहल की गई। निःक्षय मित्रों द्वारा 05 क्षयरोगियों को पुष्टाहार पोटली वितरित की गई, जो उनके स्वास्थ्य सुधार और पोषण सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल टीबी मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करती है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन की सक्रियता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई, जहां हर फरियाद को गंभीरता से लेकर समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा आमजन को मिला। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में तीन कैम्प के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं का सफल संचालन, दिव्यांग प्रमाण पत्र कैम्प, आयुष्मान आरोग्य योजना कैम्प, पोषण पोटली (निक्षय मित्र) वितरण कैम्प भी लगाया गया जिसमे आम नागरिकों को लाभ दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, उप जिलाधिकारी न्यायिक विशेश्वर यादव, सीओ शैलेन्द्र बाजपेयी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button