
कोंच (जालौन): एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोंच कोतवाली में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सड़क पर अचानक आए आवारा सुअर को बचाने के दौरान हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोंच कोतवाली में तैनात कांस्टेबल अनिल कुमार (32) मंगलवार सुबह करीब 10 बजे विभागीय कार्य से बाइक द्वारा जिला मुख्यालय उरई जा रहे थे। जैसे ही वह मुंसिफ कोर्ट के आगे मलंगा पुल के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर एक आवारा सुअर आ गया।
सुअर को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 पीआरबी मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को एंबुलेंस की मदद से तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली स्टाफ भी अस्पताल पहुंच गया।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।



