राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में 128-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन ने पूरा किया एक वर्ष, 4000 से अधिक जांचें

सत्येन्द्र सिंह राजावत
उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। संस्थान में स्थापित 128-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन ने अपना एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस दौरान मशीन के माध्यम से लगभग 4000 मरीजों की सीटी स्कैन जांच की जा चुकी है।
यह मशीन अप्रैल 2025 में उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। प्रधानाचार्य डॉ. अरविन्द कुमार त्रिवेदी के प्रयासों से इसे मेडिकल कॉलेज में स्थापित किया गया, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिली।
स्थापना के बाद से ही सीटी स्कैन मशीन लगातार कार्यरत रही है और मरीजों को बिना रुकावट सेवाएं प्रदान कर रही है। इस अत्याधुनिक तकनीक ने न केवल जांच की गुणवत्ता को बेहतर बनाया है, बल्कि चिकित्सकों को रोगों के सटीक निदान और उपचार संबंधी निर्णय लेने में भी महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, इस मशीन की उपलब्धता से मरीजों को अब बाहर जाने की आवश्यकता कम हो गई है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। साथ ही, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित जांच संभव हो पाने से उपचार की प्रक्रिया भी तेज हुई है।
एक वर्ष की इस उपलब्धि को मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, और आने वाले समय में इससे और अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



