
उरई(जालौन)| जनपद में किसानों की सुविधा और पारदर्शी राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खतौनी में नाम, अंश एवं अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए उपलब्ध कराई गई ऑनलाइन सुविधा का व्यापक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अब किसान अपने रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की गलती को आसानी से ऑनलाइन ठीक करा सकते हैं, जिससे उनकी फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी सुगम और बाधारहित हो सकेगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे कई प्रकरण सामने आ रहे हैं, जिनमें आधार कार्ड और खतौनी में नाम या अन्य विवरणों में अंतर होने के कारण किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे सभी कृषक भाई अब https://upbhulekh.gov.in/ansh/ लिंक के माध्यम से अथवा अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित प्रकरणों का राजस्व विभाग तहसील स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र किसान को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का समयबद्ध लाभ लें और आवश्यक दस्तावेज, मोबाइल नंबर ओटीपी हेतु, एवं खतौनी के साथ जनसेवा केंद्र पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी इस प्रक्रिया की निगरानी करें और प्रत्येक आवेदन का त्वरित व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर किसान की डिजिटल पहचान सुदृढ़ करना प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि अब बाधा नहीं बनने दी जाएगी।



