जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं जनता की समस्याएं, मौके पर ही दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर जोर, अधिकारियों की जवाबदेही तय

उरई जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रातः से ही जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों में मौके पर जाकर जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे जनशिकायतों की नियमित समीक्षा करें और प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें



