बुंदेलखंड सीबीएसई एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मिल रखे शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दे

उरई(जालौन)। आज बुंदेलखंड सीबीएसई एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष अजय इटौरिया एवं संरक्षक अशोक राठौर के नेतृत्व में जिलाधिकारी जालौन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जनपद में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को उठाते हुए अवगत कराया कि उरई नगर में कई विद्यालय अपनी मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि उरई नगर सहित जनपद जालौन के विभिन्न क्षेत्रों में कई ऐसे विद्यालय संचालित हैं, जिन्हें केवल कक्षा आठ तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन वे अवैध रूप से कक्षा 9 एवं 10 की कक्षाएं “अटैचमेंट” के माध्यम से चला रहे हैं। यह न केवल शिक्षा विभाग के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।

संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि ऐसे विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। प्रयोगशालाएं (लैब), प्रशिक्षित शिक्षक, पुस्तकालय तथा अन्य शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इस स्थिति में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी जालौन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि तहसील स्तर पर छह जांच टीमें गठित की जाएं। और जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में निरीक्षण कार्य कराया जाएगा।

निर्देशों के अनुसार, गठित टीमें जनपद के उन सभी विद्यालयों का सघन एवं औचक निरीक्षण करेंगी, जिन्हें केवल कक्षा आठ तक की मान्यता प्राप्त है। निरीक्षण के दौरान यदि कोई विद्यालय अवैध रूप से उच्च कक्षाएं संचालित करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ जेल भेजने तक की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक विद्यालय केवल उसी स्तर तक कक्षाओं का संचालन करेगा, जिस स्तर की उसे मान्यता प्राप्त है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों को एक आधिकारिक पत्र जारी कर इस संबंध में स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
आज एसोसिशन के पदाधिकारी एवं विद्यालय संचालकों में अजय इटौरिया(अध्यक्ष), अशोक राठौर (प्रबंधक, एस आर पब्लिक स्कूल), हाकिम सिंह (प्रबंधक, फाउंटेनहेड पब्लिक स्कूल), रजनीश सिंह (प्रधानाचार्य, मॉर्निंग स्टार स्कूल), आशुतोष शर्मा (प्रबंधक, पाथ फाइंडर्स इंटरनेशनल स्कूल) सहित एक शिष्ट मंडल ने जिलाधिकारी से मुलाक़ात की ।
बुंदेलखंड सीबीएसई एसोसिशन ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन आगे भी शिक्षा की गुणवत्ता एवं नियमों के पालन के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।एसोसिशन ने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों को स्कूल की मान्यता देख कर प्रवेश दिलाए और बच्चों को स्कूल नियमित पढ़ाई के लिए भेजें । स्कूल के संपर्क में रहे अभिभावक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है अभिभावक ध्यान दे कि बच्चों की अटेंडेस कम हो । अन्यथा बच्चे बोर्ड परीक्षा से वंचित हो सकते है बच्चे ध्यान दे नॉन स्कूल /डमी प्रवेश किसी भी विधालय में न ले अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए स्कूल में नियमित कक्षा में जाए और अपना भविष्य उज्जल बनाये ।



