
जालौन (उरई) । श्रीबाराहीं देवी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इटहिया और लौना ए टीम के बीच खेला गया यह मैच अंतिम समय तक बराबरी का रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
मेला आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इटहिया और लौना ए टीम के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इटहिया की टीम ने अच्छी रेड कर अंक जुटाए तो वहीं लौना ए की टीम ने मजबूत पकड़ और बेहतर बचाव से मुकाबले को संतुलित बनाए रखा। पहले हाफ से लेकर दूसरे हाफ तक कोई भी टीम स्पष्ट बढ़त नहीं बना सकी। निर्धारित समय समाप्त होने तक दोनों टीमों ने 26-26 अंक बना लिए। स्कोर बराबर होने पर मैच टाई ब्रेकर में पहुंच गया। अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अनुसार दोनों टीमों को पांच-पांच रेड का मौका दिया गया। टाई ब्रेकर के दौरान भी मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने पूरी कोशिश की, लेकिन इटहिया की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए गोल्डन रेड में 6-4 से जीत दर्ज कर ली। जीत के बाद इटहिया के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया। मैच में निर्णायक मंडल में रमेश मिश्रा, मन्ना सिंह सेंगर और राजेश सिंह चंदेल शामिल रहे। मैच रेफरी की भूमिका में रामशंकर, पुष्पेंद्र धूरिया, पारस मिश्रा रहे। जबकि स्कोरर श्रीकांत, नरेश और महेंद्र सिंह गुर्जर रहे।



