बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। ऐतिहासिक मुरलीमनोहर तालाब स्थित श्रीगोवर्धन गोशाला में गोपाष्टमी का पर्व मनाया गया। इस मौके पर गोसेवकों द्वारा सामूहिक रूप से गाय व बछड़ों की पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में गाय के सामाजिक, आर्थिक एवं आध्यात्मिक लाभ के बारे में भी लोगों को बताया गया।
गोपाष्टमी के महापर्व पर हिंदू युवा वाहिनी, गोरक्षा अभियान, गोसंपदा संरक्षण शोध संस्थान एवं सुरभि संदेश के संयुक्त तत्वावधान में नगर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर तालाब स्थित श्रीगोवर्धन गोशाला में उत्साहपूर्वक गोपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके उपरांत गो-गोपाल दर्शन व गो-ग्रास वितरण भी हुआ। पंडित पीयूष महंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप ब्लॉक प्रमुख रामाराजा निरंजन, विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, रामलीला समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, रामनरेश तिवारी, सतीश सिंह सेंगर, राजा सिंह सेंगर, अनिल शिवहरे, मनोज गुप्त आदि के साथ गोसेवकों व उपस्थित महिलाओं ने वैदिक रीति से गाय व बछड़ों की सामूहिक पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने गोपालन की महत्वता के बारे में लोगों को परिचित कराया। उन्होंने लोगों में गोसेवा का भाव जागृत करते हुए घरों से गो ग्रास निकालने की अपील की। गो संपदा संरक्षण शोध संस्थान के संस्थापक अनिल शिवहरे ने गाय के सामाजिक,आध्यात्मिक एवं आर्थिक लाभ के बारे में बताते हुए आज के समय में गो-पालन की आवश्यकता पर बल दिया। गोपाष्टमी पर्व की महत्ता बताते हुए उससे प्राप्त होने वाले दुग्ध, दही व घी को अमृत समान बताया। अंत में ब्लॉक प्रमुख व हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजा सिंह सेंगर ने गोपालजी पुरवार, डॉ. गजेंद्र कुशवाहा व सुलखान यादव को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अनिल शिवहरे, अशोक शिवहरे, मनोज गुप्ता, लालन ताम्रकार, गोपालजी पुरवार, रामजी ताम्रकार, जावेद अख्तर, अनूप दीक्षित, भावना अरोड़ा, नीतू गुप्ता, श्यामू चौरसिया, विराट मास्टर, सचिन अवस्थी, शिवम, रिषभ, अंकित बाथम, प्रथम गुप्ता, आशुतोष शिवहरे, रमन शिवहरे आदि मौजूद रहे।



