
जालौन(उरई)। बंगरा मार्ग स्थित नवीन गल्ला मंडी में धान खरीद के लिए केंद्र खोला गया है। मंडी में धान बेचने के लिए किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंच रहे हैं। जिससे मंडी परिसर के बाहर जाम की स्थिति बन रही है। जाम लगने के कारण किसान परेशान हैं।
नवीन गल्ला मंडी में धान बेचने के लिए किसान अपने अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंच रहे हैं। इस क्षेत्र में अच्छे धान की अधिक पैदावार होती है। इसलिए व्यापारियों के यहां धान बेचने के लिए काफी तादाद में किसान पहुंच रहे हैं। धान खरीद केंद्र पर पहुंचने वाले किसानों की संख्या काफी कम है। दिन प्रतिदिन किसानों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही। हा शनिवार को आलम यह था कि गल्ली परिसर में धान के ट्रैक्टरों की लाइन लगी थी। ट्रैक्टरों के कारण सुबह मंडी के साथ उरई औरैया फोर लेन पर जाम की स्थिति बन गई थी। मंडी सचिव रवि कुमार ने पहले तो स्थिति सम्हालने का प्रयास किया लेकिन होमगार्ड व मंडी कर्मचारियों से जब व्यवस्था नहीं ठीक हो पाई तो फोर लेन पर जाम की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये और वाहनों को निकलवाना शुरू किया। जाम खुलवाने के बाद उन्होंने मंडी सचिव से बात कर मंडी परिसर में आने वाले किसानों को कतारबद्ध खड़े कराने व अनावश्यक वाहनों को इंट्री न कराने की सलाह दी। साथ ही होमगार्ड व मंडी कर्मचारियों को वाहनों को रास्ते में खड़े न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई समस्या आती है तो तुरंत इसकी सूचना कोतवाली में दे। जिससे समय से पुलिस पहुंच कर व्यवस्था बना सके।



