
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन(उरई)। सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने रंग बिखेरे। प्रतियोगिता में वैष्णवी और उदित ने बाजी मारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात बच्चों की रंगोलियों का अवलोकन किया गया। उनकी कलाकृतियों में रचनात्मकता और सौंदर्य का ऐसा संगम देखने को मिला कि निर्णायक मंडल को निर्णय लेना बेहद कठिन हो गया। प्रतियोगिता को दो वर्गों प्राथमिक और जूनियर में विभाजित किया गया था। जूनियर वर्ग में वैष्णवी सिंह ने प्रथम स्थान, मानसी ने द्वितीय स्थान और अनन्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक वर्ग में उदित मित्तल प्रथम, पलक द्वितीय तथा वर्षा तृतीय स्थान पर रहीं। बच्चों के उत्साह और परिश्रम को देखते हुए जूनियर वर्ग से अवनी, राधिका, धानुष, हिमानी साहू एवं आर्यन को तथा प्राथमिक वर्ग से आराध्या, राशि, मन्या, अयान और आयुषी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल में आशा प्रजापति, अर्चना खन्ना, खुशबू गुप्ता, मोनिका द्विवेदी और सीमा पाटकार शामिल रहीं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही आत्मविश्वास और सीखने की भावना को बढ़ाता है। कार्यक्रम का संचालन शगुफ्ता सिद्दीकी ने किया, जबकि कोऑर्डिनेटर मुकुट सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रिजवाना अंसारी, मेघा मिश्रा, नैंसी गुप्ता, मोनिका वर्मा, नवनीत वर्मा सहित पूरे विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।



