जालौन

खजैली कुइया में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की हुई शिनाख्त

बबलू सेंगर महिया खास

जालौन। बीती 29 अगस्त को नगर के कोंच रोड स्थित खजैली कुइया में अज्ञात व्यक्ति का शव कुइया के पानी में उतराता हुआ मिला। पुलिस की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही थी। रविवार की देर शाम शव की शिनाख्त छानी खास निवासी हाकिम सिंह के रूप में हुई है।
कोतवाली क्षेत्र में कोंच रोड पर पावर हाउस के पहले सड़क किनारे बनी खजैली कुइया से शुक्रवार की शाम बदबू आ रही थी। जब राहगीरों ने कुइया में झांककर देखा तो उसमें अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में उतराता हुआ दिखा। जिसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने नगर पालिका की टीम बुलाकर रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकलवाया था। जिसमें मृतक काली टीशर्ट और काली लोवर पहने हुए था। शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा था। दो दिन तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। रविवार की देर शाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास के प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह और जिला झांसी के समथर थाना क्षेत्र के ग्राम साकिन निवासी चंद्रपाल सिंह कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने मृतक के कपड़ों और हाथ में पहनी अंगूठी को देखकर शव की शिनाख्त की। चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक हाकिम सिंह (65) उनके ससुर थे। उनके दो बेटे रामू (35) व शिब्बू (28) नोएडा में रहकर काम करते हैं। सास मुन्नी की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। बेटियां नीतू व रीतू की भी शादी हो चुकी है। ससुर हाकिम सिंह घर में अकेले रहते थे। कुछ समय पूर्व से वह जालौन में कोंच रोड स्थित वृद्धाश्रम में रहने लगे थे। बीती 25 अगस्त को वह गांव में थे। दोपहर में उन्होंने गांव के लोगों को बताया था कि वह वृद्धाश्रम जा रहे हैं। लेकिन वह वृद्धाश्रम नहीं पहुंचे तभी से लापता थे। लोगों ने अनुमान लगाया शायद रास्ते में कुइया पर नहाने के रूके होंगे और पैर आदि फिसलने से वह कुइया में ही गिर गए। शव की शिनाख्त होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और उनके बेटों को सूचना दी। सोमवार को उनके बेटों के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button