
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। अनुरागिनी संस्था द्वारा विकासखंड सभागार में नारी शक्ति गौरव उत्सव का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और सम्मान को समर्पित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने समाज में आजीविका, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा और सामाजिक योगदान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कमलावती सिंह ने कहा कि महिलाएं केवल अपने परिवार की देखरेख नहीं करतीं, बल्कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी हैं। अगर महिला स्वास्थ्य, पोषण और आत्मनिर्भरता पर ध्यान देंगे, तो सशक्त भारत का सपना साकार होगा। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को केवल आर्थिक रूप से नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं। आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही है। अब जरूरत है उन्हें विश्वास, अवसर और मंच देने की। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने कहा कि आज की महिला किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें अवसर देने की है। अनुरागिनी संस्था का यह प्रयास सराहनीय है, जो समाज के अंतिम पंक्ति की महिलाओं तक सशक्तिकरण की पहुंच सुनिश्चित कर रहा है। कार्यक्रम में आरती पहारिया, सत्यवती, सुनीता देवी, शिखा, रमा एवं रजनी को उनके योगदान के लिए नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। अंत में उपस्थित महिलाओं को रियल जूस, नारियल पानी और सौंदर्य प्रसाधन वितरित किए गए।
इस मौके पर अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ प्रवीण सिंह जादौन, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष उषा गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अंजू सिंह, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका शशि सिंह, प्रथम संस्था कानपुर की प्रमुख रेनू यादव, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, सतीश सिंह सेंगर, उपेंद्र सिंह राजावत, राजासिंह सेंगर, अजय महतले, राजेंद्र भदौरिया, ब्रजेश कश्यप, क्रांति शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह सेंगर आशा प्रजापति, सरिता कुशवाहा आदि मौजूद रहे।