
सर्वजन सुखाय पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, जनसमस्याओं के समाधान पर दिया जोर
उरई (जालौन)। स्टेशन रोड स्थित सिटी सेंटर सभागार में मंगलवार को सर्वजन सुखाय पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। कार्यकर्ता ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि केवल मंचों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उसका समाधान कराना होगा, तभी जनता का विश्वास बढ़ेगा। तहसील स्तर से लेकर जिला कार्यकारिणी तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा ताकि पार्टी की जड़ें और मजबूत हों।
सम्मेलन में बुंदेलखंड प्रभारी भगवान सिंह यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय की व्यवहारिक स्थापना और उपेक्षितों, पीड़ितों, वंचितों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से ही सर्वजन सुखाय पार्टी की स्थापना की गई है। हमारा संकल्प है कि राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक की योग्यता व क्षमता का राष्ट्रहित में उपयोग हो।
सम्मेलन में जिलाध्यक्ष महंत राजेंद्र राव, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर दयाल अहिरवार, जिला सचिव राजू यादव, उरई विधानसभा अध्यक्ष मोहित यादव, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पाल, हाकिम सिंह पाल, दिनेश यादव, भूरेलाल सविता, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रीति यादव व गोपाल यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।