उरई

100 की रफ्तार में ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी टवेरा कार, हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल, अयोध्या से दर्शन कर ललितपुर लौट रहा था परिवार

उत्तर प्रदेश के जालौन में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के 84 गुंबद के पास तेज रफ्तार टवेरा कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार कुल 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

यूपी के ललितपुर जिले के महरौनी निवासी 49 बर्षीय शशिकांत तिवारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ अयोध्या से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब उनकी कार कालपी क्षेत्र में पहुंची, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन की गति करीब 100 किमी प्रति घंटा थी, जिससे हादसे की तीव्रता और बढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। कार के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। कुछ लोग करीब एक घंटे तक कार के अंदर फंसे रहे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।

सभी घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी के अलावा कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामीप्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज शामिल बताए जा रहे हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और ललितपुर के महरौनी के निवासी थे।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कालपी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और यातायात को सामान्य कराया। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button