उरई

विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

उरई मा0 सांसद जालौन–गरौठा–भोगनीपुर नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
मा0 सांसद ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने, सिक्स लेन सड़क का प्रस्ताव प्रस्तुत करने, बिना नम्बर प्लेट वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डा0 घनश्याम अनुरागी ने व्यापारियों, एनजीओ एवं समाजसेवियों के माध्यम से होर्डिंग लगाकर राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, ब्लैक स्पॉट का चिन्हीकरण करने, प्रवर्तन कार्यवाही तेज करने तथा कदौरा से जलालपुर मार्ग के चैड़ीकरण एवं मार्ग किनारे झाड़-झंखाड़ की साफ-सफाई पर विशेष बल दिया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर यदि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पूर्व में आयोजित बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कदौरा–जलालपुर मार्ग के चैड़ीकरण हेतु लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करने, नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके निदान एवं वहां कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कालपी–जखौली–एट–आटा मार्ग, जिला अस्पताल क्षेत्र में रैम्प सहित फुट ओवर ब्रिज निर्माण, ओवर स्पीड, बिना नम्बर प्लेट एवं ओवरलोड वाहनों पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय महासचिव भारतीय किसान यूनियन राजबीर सिंह जादौन ने सड़कों के चैड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, महाविद्यालय स्तर पर सड़क सुरक्षा प्रचार-प्रसार, कोटरा रोड के सीसी मार्ग पर आई दरारों में डामर भराव, बुन्देलखण्ड एवं एनएचएआई की सड़कों को गड्ढा मुक्त एवं झाड़ मुक्त करने, मानक से कम दूरी पर स्थापित टोल बूथ समाप्त करने, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सड़क सुरक्षा अभियानों से जोड़ने, कोटरा रोड के चैड़ीकरण तथा कोंच से पहाड़गांव मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के0के0 सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 के0के0, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, उपजिलाधिकारी उरई नेहा ब्याडवाल, क्षेत्राधिकारी सदर अर्चना सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पण्डित, बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील कुमार, महेन्द्र सिंह, अमिल सक्सेना, मनोज कुमार, नोडल अधिकारी हायर सेकेण्डरी एजुकेशन राजेश चन्द्र पाण्डेय, सचिव ओडीए परमानन्द यादव, प्रशान्त निरंजन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button