व्यापार मंडल ने सौंपी कमान, डॉ. प्रज्ञा राजपूत को जिला उपाध्यक्ष पद
जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता की संस्तुति पर मिला दायित्व, महिला उद्यमियों में खुशी की लहर

सत्येन्द्र सिंह राजावत
उरई (जालौन)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जालौन द्वारा शनिवार को एक स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रज्ञा राजपूत को संगठन की जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह मनोनयन जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता की संस्तुति पर किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों के साथ-साथ महिला उद्यमियों में भी उत्साह का माहौल रहा। डॉ. प्रज्ञा राजपूत एक सफल महिला उद्यमी हैं और विगत वर्षों से ‘सुधा ब्यूटी स्टूडियो’ का संचालन कर रही हैं। उन्होंने व्यापारिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। व्यापारियों की सेवा और संगठन की मजबूती के लिए हरसंभव योगदान दूंगी। महिलाओं के लिए संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। जरूरी है कि वे अपने आत्मविश्वास और हुनर को पहचानें और उसे समाज और देशहित में उपयोग करें। व्यापार जगत में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की मांग है। मैं चाहती हूं कि अधिक से अधिक महिलाएं उद्यमिता के क्षेत्र में आएं और आत्मनिर्भर बनें।