बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन(उरई)। नगर में सारंगपुर रोड स्थित गुरू मस्तराम अंत्येष्टि स्थल पर साफ सफाई के अभाव में हालत खराब है। अंत्येष्टि स्थल पर जाने वाले लोगों को व्यवस्थाओं न होने पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करते जिलाधिकारी से अंत्येष्टि स्थल पर व्यवस्थाएं दुरूस्त करे जाने की मांग की है।
नगर में अंत्येष्टि के लिए 3 अंत्येष्टि स्थल बने हुए हैं। जिनमें एक छैपुला के पास, दूसरा हुल्की माई के पास एवं तीसरा सारंगपुर रोड स्थित गुरू मस्तराम के पास है। गुरू मस्तराम स्थित अंत्येष्टि स्थल पर नगर के 50 फीसदी से अधिक शव पहुंचते हैं। इस अंत्येष्टि स्थल का पूर्व पालिकाध्यक्ष गुलाब सिंह जाटव ने कायाकल्प कराया था। अंत्येष्टि स्थल पर शवों की अंत्येष्टि के लिए 4 चबूतरे हैं। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थल के अंदर सभी सड़कों पर खडंजा डलवाने के साथ ही पौधरोपण कराया गया। जिससे अंत्येष्टि स्थल काफी हरा भरा हो गया। लोगों की पानी की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सबमर्सिबल पंप भी लगवाया गया है। हालांकि अंत्येष्टि स्थल के कायाकल्प में वर्तमान पालिकाध्यक्ष ने भी सराहनीय योगदान दिया था। वर्तमान पालिकाध्यक्ष ने अंत्येष्टि स्थल के जीर्ण शीर्ण खंभों का जीर्णोद्धार कराया है। लेकिन देखरेख के अभाव में लोगों को अंतिम क्रिया के लिए शवों को ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंत्येष्टि स्थल पर नियमित सफाई नहीं हो रही है। जिसके चलते अंत्येष्टि स्थल पर गंदगी जमा हो गई है। अंदर सड़कों पर कूड़ा कचरा बिखरा नजर आता है। शवों के दाह संस्कार के बाद राख चबूतरे पर ही पड़ी रहती है। जिससे लोगों को शव दाह में दिक्कत हो रही है। हालत यह है कि चारों चबूतरे राख से भरे हुए हैं। मजबूरी में अंत्येष्टि में जाने वाले लोगों को राख को चबूतरे से झाड़कर वहीं किनारे डालनी पड़ रही है। इससे चबूतरे के किनारे भी राख के ढेर बन गए हैं। अंत्येष्टि स्थल पर रोशनी के लिए लाखों की कीमत से लगाई गई सोलर लाइटों और उनकी बैट्री को देखरेख के अभाव में चोर चोरी करके ले गए हैं। अंत्येष्टि स्थल पर अव्यवस्थाओं के लिए शवों का अंतिम क्रिया कर्म करने के लिए जाने वाले लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी पनप रही है।
-अंत्येष्टि स्थल को लेकर गौरीश द्विवेदी ने बताया कि जो लोग अपनों को लेकर अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचते हैं तो वैसे भी दुख में होते हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था को देखकर मन और भी बोझिल हो जाता है।
-पूर्व सपा नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश उर्फ थोपन यादव ने बताया कि जीवन के अंत में प्रत्येक व्यक्ति को वहीं पहुंचना है। ऐसे में पालिका अंत्येष्टि स्थल की सफाई व्यवस्था भी नहीं करा पा रही है, तो खेद का विषय है।
-वार्ड नंबर 14 से सभासद अनिल यादव ने बताया कि वह कई बार नगर पालिका में अंत्येष्टि स्थल पर सफाई व्यवस्था की मांग को उठा चुके हैं। लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। यही कारण है कि अव्यवस्थाएं हैं।
-बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रदुम्न दीक्षित इटहिया ने बताया कि नगर पालिका अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े हुए है। यही कारण है कि सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कम से कम अंत्येष्टि के पास तो सफाई व्यवस्था बनी रहे इसका ध्यान भी पालिका नहीं देे रही है।
फोटो परिचय- सारंगपुर रोड स्थित गुरू मस्तराम अंत्येष्टि स्थल