
रामपुरा (जालौन)। आज रामपुरा थाना में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से प्रार्थी का पूरा पैसा वापस दिलाया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को प्रार्थी ईशेन्द्र सिंह पुत्र रामनारायण निवासी निनावली जागीर के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को शिशु डिलीवरी से संबंधित बताते हुए बैंक खाते से जुड़ी जानकारी लेने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान प्रार्थी के खाते से 9,835 रुपये कट गए। ठगी का एहसास होते ही प्रार्थी ने तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत ही एक टीम तैयार कर बिना देरी किए मामले की जांच शुरू की जांच टीम में उपनिरीक्षक कस्बा रामपुरा इंचार्ज जगदीश कुमार दुबे, कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल रजनीश कुमार, कांस्टेबल मिथलेश कुमार ने संबंधित बैंक व साइबर सेल से समन्वय स्थापित किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह तथा जांच टीम की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि कुछ ही समय में ठगी की गई पूरी राशि प्रार्थी के खाते में वापस आ गई।
पैसा वापस मिलने पर प्रार्थी ने पुलिस का आभार जताते हुए अपनी शिकायत बंद करने का अनुरोध किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ओटीपी साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।



