कोंच(जालौन)। पूर्व बारसंघ अध्यक्ष विज्ञान सीरौठिया ने निषादराज गुह की जयंती के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कहा कि निषादराज की निष्ठा और समर्पण की भावना अप्रतिम है, इसे शब्दों में बखान नहीं किया जा सकता, सिर्फ महसूस किया जा सकता है। वे भगवान राम के बाल सखा और निषाद साम्राज्य के राजा हैं। जब वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम माता सीता और सौमित्र लक्ष्मण के साथ श्रृंगवेरपुर पहुंचते हैं तो निषादराज उन्हें इस अवस्था में देखकर विचलित हो उठते हैं तथा उन्हें अपना राज्य समर्पित करने का प्रस्ताव तक दे देते हैं। यह निषादराज के मित्रधर्म की पराकाष्ठा ही है।
रायकवार समाज सेवा समिति द्वारा मंगलवार को भगतसिंह नगर में अपने आराध्य और प्रभु श्रीराम के बाल सखा श्रृंगवेरपुर के राजा निषादराज गुह की जयंती पूर्व बारसंघ अध्यक्ष विज्ञान विशारद सीरौठिया के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया, पूर्व सभासद काजी फहीम, आरआई नगर पालिका सुनील यादव, अधिवक्ता कुलदीप निरंजन आदि के विशिष्ट आतिथ्य में धूमधाम से मनाई। अतिथियों ने निषादराज गुह के चित्र का पूजन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। समाज के अध्यक्ष रवींद्र रायकवार, गोकुल रायकवार आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में गुह के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके गुणों का अनुसरण करने की बात कही। इस दौरान कन्हैया लाल रायकवार, बारेलाल, संतोष, जमनादेवी रायकवार, नरेश, भगवान दास समथर, जगमोहन कुशवाहा, मानसिंह कुशवाहा, हरीश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।