0 अन्य जिम्मेदारों पर भी गिर सकती कार्यवाही की गाज
कदौरा (जालौन)। बारिश व ठंड से बचाव के इंतजाम न होने से क्षेत्र की मरगांया गांव में संचालित गौशाला में शुक्रवार को 12 मवेशियों के शवों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने पर हिन्दू जागरण मंच व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत शासन से की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एसडीएम कालपी केके सिंह को जांच दी। एसडीएम ने शनिवार को मौके पर पहुंच कर जांच की और रिपोर्ट सौंपी थी। गौशाला संचालन में दोषी पाए जाने पर डीएम के आदेश पर डीडीओ सुभाष चन्द्र ने ग्राम विकास अधिकारी मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जिससे गौशाला संचालन में लापरवाही बरतने वाले सचिवों में हड़कंप मच गया।
गौशाला संचालन में लापरवाही की खुली पोल
कदौरा। हिन्दू जागरण मंच व विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने शासन को जो रिपोर्ट भेजी है। उसमें ब्लॉक के कई जिम्मेदारों की गर्दन फंस गई है। पदाधिकारियों का आरोप है कि गौशाला में मवेशियों के मरने व भूसे चारे की व्यवस्था न होने की शिकायत लगातार ग्रामीणों बीडीओ, नोडल अधिकारी, सेक्टर प्रभारी सहित अन्य जिम्मेदारों से कर रहे थे। लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की है।
एक वर्ष पूर्व गौशाला मामले में सिकन्दर सिंह भी हुए थे निलंबित।
कदौरा। एक वर्ष पूर्व बवीना गौशाला में आधा दर्जन से अधिक मवेशियो की मौत कीचड़ व दलदल में फंसने से हुई थी। जिस पर नोडल अधिकारी परिवहन आयुक्त धीरज साहू के आदेश पर ग्राम विकास अधिकारी सिकन्दर सिंह को निलंबित किया गया था।
