
जालौन। भीषण गर्मी को देखते हुए गैस एजेंसियों पर छाया व पानी की व्यवस्था कराए जाने की मांग नगर के लोगों ने डीएम से की है।
नगर निवासी प्रद्युम्न दीक्षित, मोहम्मद अशफाक राईन, जाकिर सिद्दीकी, मौलाना खालिद रहमानी आदि ने डीएम राजेश पांडेय को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही लपट चलने लगती है और तापमान बढ़ने लगता है। नगर में दो गैस एजेंसियों का संचालन हो रहा है। जहां न तो पर्याप्त शीतल जल की व्यवस्था है और न ही छाया की व्यवस्था है। गर्मी के मौसम में महिलाएं और बुजुर्ग भी सिलिंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसी पर पहुंचते हैं। जहां उन्हें काफी समय तक खड़ा रहना पड़ता है। छाया व ठंडे पानी व्यवस्था न होने से उन्हें परेशान होना पड़ता है। बताया कि गर्मी के चलते अधिकांश सरकारी दफ्तरों का समय बदला गया है। जबकि गैस एजेंसी अपेक्षाकृत काफी समय बाद खुलती है। ऐसे में जनहित को देखते हुए एजेंसी खुलने का समय सुबह सात बजे किया जाए। साथ ही एजेंसी संचालकों को एजेंसी स्थल पर छाया व शीतल जल की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया जाए। ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।


