नगर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए बिजलीघर की आवश्यकता समाजसेवियों ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जालौन ।नगर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए एक बिजलीघर की आवश्यकता है। नगर में बिजलीघर की स्थापना के पूर्व ए डी ओ ने प्रयास किये थे। उनके प्रयासों के बाद शासन से स्वीकृति मिल गयी है किन्तु बिजलीघर के लिए आवश्यक जगह न मिलने के कारण उसका निर्माण नहीं हो पा रहा है। नगर के समाजसेवियों ने जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन एस डी एम को सौंपा कर जगह उपलब्ध करवाने की मांग की है जिससे गर्मी से पूर्व नगर की बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ हो जाये।
नगर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक और बिजलीघर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए तत्कालीन उपखंड अधिकारी कौशलेंद्र सिंह ने अमली जामा पहनाने का प्रयास किया था। उनके बेहतर प्रयासों के परिणामस्वरूप नगर में 5 एम वी ए के एक बिजलीघर की स्थापना की शासन से अनुमति मिल गयी थी।मिनी बिजलीघर की स्थापना के लिए 50×50 वर्गमीटर जगह की आवश्यकता है। शासन से अनुमति मिलने के लगभग 6 माह बीतने के बाद भी नगर क्षेत्र में जगह नहीं मिल पायी है। जगह न मिल पाने के कारण बिजलीघर की स्थापना नहीं हो पा रही है। नगर के समाजसेवियों ने जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनय मोर्य को सौंपा है तथा जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर की जनता के हित में नगर पालिका परिषद या राजस्व विभाग से बिजलीघर की स्थापना के जगह उपलब्ध करवाने की मांग की है। ज्ञापन लेने के बाद उपजिलाधिकारी ने बिजलीघर के लिए आवश्यक जगह की तलाश करानी शुरू कर दी है तथा लेखपाल को खाली सरकारी जमीन की जानकारी मांगी है। इस मौके पर अशफाक राईन, ब्रजमोहन कुशवाहा, लोकेन्द्र सिंह, चन्द्र किशोर द्विवेदी, जाकिर सिद्दीकी, नफीस खान, राज मंसूरी आदि लोग मौजूद रहे।



