
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। नगर से निकलने वाली परिवहन निगम की बसों के रूकने का कोई स्थान सुनिश्चित नहीं है। स्थान निर्धारित न होने के कारण बस चालक मनमर्जी से बस खड़ी करते हैं। जिससे निर्धारित गंतव्य को जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। इसकी शिकायत परिवहन विभाग के अधिकारियों से की गई है।
परिवहन निगम की बसों का संचालन नगर से हो रहा है। परिवहन विभाग की उरई, बांदा, हमीरपुर, झांसी डिपो की बसें नगर से होकर निकलती हैं। यह बसें औरैया, दिल्ली, इटावा, मथुरा के अलावा बंगरा, रामपुरा, जगम्मनपुर, कुठौंदा, रेंढ़र आदि स्थानों के साथ कानुपर, झांसी, राठ, महोबा आदि स्थानों के लिए चलती हैं। नगर से प्रतिदिन परिवहन विभाग की एक दर्जन से अधिक बसों का संचालन होता है। इसके बाद भी नगर से निकलने वाली परिवहन निगम की बसों के रुकने का कोई स्थान निश्चित नहीं है। स्थान निश्चित न होने के कारण चालक अपनी मनमर्जी से बसों को रोकते हैं। सवारियां बस का इंतजार करती हैं। लेकिन बस चालक यदि मर्जी होती है तो रूक जाते हैं अन्यथा बसें फर्राटा भरते हुए निकल जाती हैं। जिससे यात्रियों को घंटों वाहन के इंतजार में बैठना पड़ता है। नगर के अशफाक राईन, प्रतीकांत, विपुल, अमित सैनी, मनोज रिछारिया, संतोष याज्ञिक, सुरेद्र कुशवाहा, आकाश लाक्षाकार आदि ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को शिकायत भेज कर मांग की है नगर से निकलने वाली बसों के रुकने के लिए नगर में पूर्व में बने चैक पोस्ट को पुनः चालू किया जाए। जिससे बसों के ठहरने का स्थान सुनिश्चित हो सके और यात्रियों को उतरने व बैठने के लिए परेशान न होना पड़े।



