कालपी

सुसाइड नोट छोड़ यमुना में कूंदे अधेड़ की खोजबीन में जुटे गोताखोर

कालपी (जालौन)। मंगलवार की रात कालपी नगर के यमुना पुल से एक अधेड़ ने नदी में छलांग लगा दी। जिससे नगर में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने अधेड़ को यमुना में कूदते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से नदी में अधेड़ की तलाश की जा रही है।
मामला कालपी कोतवाली के यमुना पुल का है। बताया गया कि जालौन कोतवाली के हैदलपुर के रहने वाले 45 वर्षीय जुल्फिकार अली पुत्र रहमत अली ने मंगलवार रात कालपी के यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी में छलांग लगाते हुए अधेड़ को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पुल पर एक बैग लावारिस हालत में दिखाई दिया। जब छानबीन की तो पुलिस को बैग में छलांग लगाने वाले व्यक्ति का सुसाइड नोट मिला। जिसमें जुल्फिकार ने जिक्र किया कि वह अपने दो भाइयों से परेशान था। सुसाइड नोट में लिखा था कि उसके भाई आये दिन मारपीट करते थे और उसकी लाइसेंसी बंदूक भी भाइयों ने छीन ली है, जिससे त्रस्त होकर वह आत्महत्या करने को मजबूर है। वहीं मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राम सिंह ने बताया कि मौके पर सुसाइड नोट बरामद किया गया है, उसी के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

दूसरे दिन भी यमुना में कंूदे व्यक्ति की तलाश में जुटे रहे गोताखोर

कालपी। यमुना में कूदे जुल्फिकार की खोज में कालपी पुलिस और गोताखोर लगे हुए हैं। मंगलवार रात्रि से गोताखोर लगातार यमुना की जलधारा में कूदे हुए व्यक्ति की तलाश में जुटे रहे, वहीं घटना के दूसरे दिन बुधवार को भी गोताखोर व नाविक उसकी तलाश में जुटे रहे। किन्तु समाचार लिखे जाने तक सफलता हाथ नहीं लगी थी।
फोटो परिचय—
नाव में सवार गोताखोर नदी में शव की खोजबीन करते।

Related Articles

Back to top button