
उरई। रिजर्व पुलिस लाइन उरई में आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती 2025-26 बैच का भव्य दीक्षांत परेड समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। लगभग 10 माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद 387 प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक पासआउट होकर आरक्षी के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
समारोह के मुख्य अतिथि आईजी झांसी आकाश कुलहरी ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
दीक्षांत परेड में प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट कर अनुशासन, एकरूपता और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। सधे कदमों और आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी और मुख्यमंत्री का संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी गई।
मुख्य अतिथि आईजी आकाश कुलहरी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नव-नियुक्त आरक्षियों को जनता के प्रति संवेदनशील, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख दी।
यह दीक्षांत समारोह न केवल प्रशिक्षुओं के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक बना, बल्कि पुलिस सेवा के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन की झलक भी प्रस्तुत करता नजर आया।



