
उरई। जनपद जालौन के ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी आर०डी० वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ के निर्देशानुसार मण्डल स्तरीय पुरस्कार वितरण के लिए पात्र इकाइयों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत संचालित इकाइयों में से न्यूनतम तीन वर्ष पुरानी और निरंतर संचालित वित्तपोषित इकाइयों का चयन किया जाएगा। चयन का मुख्य आधार कम पूंजी में अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाली इकाइयाँ होंगी।
इस योजना के तहत पहले जनपद स्तर पर और फिर मण्डल स्तर पर समिति द्वारा योग्य इकाइयों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऐसे उद्यमियों और इकाइयों का चयन किया जाना है, जो पिछले तीन वर्षों से सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं।
इच्छुक उद्यमी एवं लाभार्थी जिला खादी ग्रामोद्योग कार्यालय, उरई से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं और उसे 30 अप्रैल 2026 तक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय, नया पटेल नगर, चुर्खी रोड, उरई (जालौन) में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है।



