जालौन

जालौन में भीषण आग का कहर: 100 बीघा पराली जली, मूंग की फसल समेत किसानों को भारी नुकसान

जालौन तहसील क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर और गुलाबपुरा गांवों में गुरुवार सुबह एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। खेत में चल रही भूसा मशीन से निकली चिंगारी ने पास में पड़ी पराली को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

देखते ही देखते आग आसपास के खेतों में फैल गई और करीब 100 बीघा से अधिक क्षेत्र में फैली भूसा की पराली जलकर राख हो गई। इस भीषण आग की चपेट में कई किसानों की तैयार मूंग की फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

आग की लपटों ने खेतों में सिंचाई के लिए रखे गए प्लास्टिक पाइप, कृषि उपकरण और अन्य सामग्री को भी नहीं बख्शा, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, वहीं सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन से मुआवजे की मांग भी उठने लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button