
जालौन नगर के मुहल्ला बैठगंज में रेजा होटल के सामने लगे वाटर कूलर और हैंडपंप के खराब होने से क्षेत्र के सैकड़ों दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में जहां पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वहीं यहां पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाटर कूलर और हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। मरम्मत के लिए आए मिस्त्री ने स्थिति सुधारने के बजाय टोटी और पाइप निकालकर ले लिया, जिसके बाद समस्या और बढ़ गई। अब हालत यह है कि राहगीर बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और दुकानदारों को भी अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।व्यापारियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में इसको लेकर काफी रोष व्याप्त है और वे जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग कर रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब नगर पालिका इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेगी और लोगों को राहत दिलाएगी। गर्मी के इस मौसम में यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।


