मंडलायुक्त का 28 फरवरी को कलेक्ट्रेट परिसर का संभावित निरीक्षण
तैयारियां तेज, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव व स्वच्छता पर विशेष जोर

उरई(जालौन)। जनपद में 28 फरवरी को बिमल कुमार दुबे, मंडलायुक्त के संभावित निरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निरीक्षण के दृष्टिगत समस्त शाखाओं एवं पटलों पर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के अद्यतन निस्तारण तथा कार्यालयी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है। कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत व्यापक साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। अभिलेखागार, राजस्व अनुभाग, नजारत, माल फौजदारी, भूलेख सहित विभिन्न पटलों पर फाइलों का वर्गीकरण एवं अनुक्रमण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन स्थिति में प्रस्तुत किए जा सकें।
मंडलायुक्त निरीक्षण के दौरान किसी दो कार्यालयों का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए संबंधित कार्यालयाध्यक्षों सभी अभिलेख, पंजिकाएं एवं सेवा पुस्तिकाएं अद्यतन रखें तथा कार्यालयों में पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनसुनवाई, शिकायत निस्तारण, राजस्व वसूली, आपदा प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित प्रगति विवरण अद्यतन रूप में उपलब्ध रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में निरीक्षण को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सक्रियता देखी जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि निरीक्षण के दौरान जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अभिलेख प्रबंधन एवं सुशासन की व्यवस्था का सकारात्मक प्रतिबिंब प्रस्तुत हो।


