जालौन(उरई)। बिजली के तारों को लेकर विवाद में युवक ने महिला की पिटाई कर धमकी दे दी। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी मंजू देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी बिजली के तारों को लेकर उसे परेशान करते रहते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात करीब सात बजे युवक ने खंभे से उसका कनेक्शन अलग कर दिया। जब उसने इसका उलाहना दिया तो युवक ने गाली, गलौज करते हुए लात घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। जिसमें उसे चोटें आई हैं। उसे पिटता देख जब मोहल्ले के लोग बचाने के लिए आए तो वह शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

