बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। लगभग 10 माह से घर में गंदा पानी आ रहा है। शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पीड़ित ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला काशीनाथ निवासी रमेशचंद्र दुबे ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके घर में बीती 10 से जल संस्थान के नल में गंदा पानी आ रहा है। पानी इतना गंदा है कि उसे पेयजल के रूप में तो इस्तेमाल किया ही नहीं जा सकता है। यहां तक कि यह गंदा पानी नहाने या कपड़े धोने लायक भी नहीं है। इस बाबत उन्होंने सबसे पहले दो जनवरी 2025 में जल संस्थान में शिकायत की थी। तब आश्वासन दे दिया गया कि जल्द ही सही करा दिया जाएगा। इसके बाद जब कुछ नहीं हुआ तो उन्होंने दोबारा से 29 अप्रैल 2025 को शिकायत की। इसके कुछ दिन बाद कार्य हुआ लेकिन गंदा पानी आना बंद नहीं हुआ। पुनः शिकायत करने पर आश्वासन दे दिया गया। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। घर में मोहल्ले में लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। पीड़ित ने मांग करते हुए कहा कि घर में आ रहे गंदे पानी का पता लगाने और उसे सही कराने के लिए जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित किया जाए।



