बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। नगर के विभिन्न मोहल्लों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन इन कुत्तों के हमले से बच्चे और बुजुर्ग घायल हो रहे हैं। हालात यह हैं कि लोग शाम होते ही बच्चों को घरों से बाहर निकलने नहीं देते। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
नगर के मोहल्ला भवानीराम, कोतवाली रोड, जोशियाना, नारोभास्कर, तोपखाना आदि में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से लोग परेशान हैं। मोहल्ले के लोकेंद्र, विनय, प्रतीक, अशफाक आदि बताते हैं कि कुत्ते रास्ते से निकलने वाले लोगों पर पीछे से हमला कर देते हैं और उन्हें काट लेते है। पिछले दिनों आवारा कुत्तों ने करीब आधा दर्जन से अधिक बुजुर्ग व बच्चों को काटा है। बताया कि कुत्तों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। कुत्तों से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे सबसे ज्यादा खतरे में हैं। सुबह और शाम को जब बच्चे घर से निकलते हैं, तब ये कुत्ते उनके पीछे दौड़ते हैं। कई बार यह बच्चों और बुजुर्गों को दौड़ा लेते हैं साथ ही काट भी लेते हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए और इन कुत्तों को पकड़कर नगर की सीमा से बाहर छोड़ा जाए। बस बाबत ईओ सुशील कुमार ने बताया कि नगर पालिका द्वारा समय समय पर कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाता है। यदि कहीं आवारा कुत्ते हैं तो उन्हें भी पकड़वाया जाएगा।



