
बबलू सेंगर महिया खास
जालौन। नगर के मोहल्ला गणेशजी स्थित जागेश सोनी के प्लॉट पर चल रही साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा में पांचवें दिन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कथा व्यास विनीत कृष्ण चतुर्वेदी ने भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य प्रसंग का जीवंत वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा व्यास ने कहा कि जब-जब धरती पर पाप और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की रक्षा और अधर्म के नाश के लिए अवतार लेते हैं। कंस के अत्याचार से पीड़ित ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने द्वापर युग में मथुरा की कारागार में देवकी के गर्भ से श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया। कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि यह संदेश है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, अंततः सत्य और धर्म का प्रकाश प्रकट होकर अन्याय का अंत करता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे भजन गाते रहे। वातावरण में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।