0 गल्ला व्यापारियों की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोशित किसानों ने मंडी गेट किया बंद
0 पुलिस-मंडी प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला हुआ शांत
अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। सफेद मटर के कीमतों को लेकर किसान व व्यापारियों में विवाद हो गया। व्यापारियों की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों का गुस्सा फूटा। किसानों ने विरोध में मंडी गेट बंद कर दिया। पुलिस व मंडी प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार को डीडीआर मटर की बोली लगी। दोपहर लगभग डेढ़ बजे शुरू हुई बोली 5581 रुपये प्रति क्विंटल पर समाप्त हुई। गल्ला व्यापारी धर्मेंद्र दीवौलिया ने बताया कि मटर खरीद की न्यूनतम बोली 5302 रुपये प्रति क्विंटल एवं अधिकतम बोली 5581 रुपये प्रति क्विंटल तय हुई थी। जबकि किसान दीपक गुबरेले, राजीव, बबलू निरंजन, दिनेश शाहू आदि ने आरोप लगाया कि बोली लगने के बाद खरीद मूल्य को मंडी परिसर में स्थित बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाता है। जिसमें न्यूतम बोली 5540 रुपये और अधिकतम बोली 5581 रुपये अंकित की गई थी। लेकिन जब किसान अपनी फसल बेचने के लिए आढ़ती के पास पहुंचे तो व्यापारी उनकी फसल को 5302 रुपये प्रति क्विंटल से खरीद रहे थे। इसी को लेकर किसानों में असंतोष हो गया। रेट को लेकर किसानों ने गल्ला मंडी के गेट को बंद कर दिया और मंडी सचिव समेत व्यापारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस बीच मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ने एक दो बार किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल शैलेंद्र सिंह, एसएसआई दिलीप मिश्रा, चैकी प्रभारी राजकुमार निगम मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा किसानों की समस्याओं की बात सुनकर बुुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रदुम्न दीक्षित इटहिया भी गल्ला मंडी पहुंच गए। पहले पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों ने एक न सुनी। जिसके बाद मंडी सचिव व पुलिस की उपस्थिति में सचिव कार्यालय में कुछ किसानों एवं व्यापारियों को बुलाया गया। जिनकी उपस्थिति में वार्ता की गई। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी बात को रखा। व्यापारियों ने बताया कि भूलवश कर्मचारी ने बोली के रेट गलत अंकित कर दिए थे। जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। लगभग आधा घंटे की वार्ता के बाद किसान शांत हुए। किसानों को आश्वासन दिया गया कि जिसकी फसल अच्छी और मानक के अनुरूप होगी उनकी फसल को बोली रेट 5581 के भाव में ही खरीदा जाएगा। जबकि फसल में कुछ नमी होगी अथवा हरी होगी तो उसकी खरीद कम दाम पर होगी। इस दौरान लगभग एक घंटा मंडी गेट बंद रहने से मंडी में आने वाले किसानों को परेशानी हुई। इस मौके पर प्रेम सिंह निरंजन, रामू गुर्जर रामलला ऐदलपुरा, कमलेश, लालजी, विनोद, रानू पटेल, रज्जन चिरवारिया, चंद्रपाल, सिद्धार्थ, अमित गुर्जर, दाऊ क्योलारी आदि मौजूद रहे।
फोटो परिचय—
आक्रोशित किसानों को समझाती पुलिस।