जालौन (उरई)। भीषण गर्मी के बाद भी नगर में सरकारी अथवा समाजसेवी संस्था द्वारा सार्वजनिक प्याऊ शुरू नहीं किए गए हैं। जिसके चलते गर्मी के मौसम में लोग प्यास के चलते इधर, उधर, भटकते नजर आते हैं।
गर्मी के मौसम लोगों को सबसे अधिक प्यास सताती है। इस मौसम में लू से बचने के लिए एवं गले को तर करने के लिए शीतल जल की आवश्यकता होती है। नगर के मुख्य बाजार सब्जी मण्डी, देवनगर चैराहा, दीन दयाल उपाध्याय चैराहा समेत तमाम सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण यहां से निकलने वाले राहगीरों को खासी परेशानी होती है। दूर दराज से आने वाले लोगो को गर्मी के मौसम में शीतल पेयजल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। नगर पालिका प्रशासन अथवा सरकारी रुपये लेकर समाजसेवा करने वाली किसी भी समाजसेवी संस्था ने अभी तक नगर में सार्वजनिक प्याऊ खोलने की व्यवस्था नहीं की है। गर्मी मे मौसम में बाजार एवं प्रमुख चैराहे पर शुद्ध पेयजल न मिलने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। समाजसेवी विपुल दीक्षित, अनुराग बहरे, अफजाल अहमद, प्रतीक कांत चंसौलिया, अक्षत चंसौलिया, पुष्पेंद्र यादव, इब्राहीम सिद्दीकी, जाफर सिद्दीकी, अकरम सिद्दीकी आदि ने प्रशसान से मांग की है कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत दिलवाए जाने के लिए नगर में शीतल जल के सार्वजनिक प्याऊ खुलवाए जाएं।



