अनुराग श्रीवास्तव के साथ बबलू सिंह सेंगर महिया खास
जालौन (उरई)। नहरों में पानी ना आने के कारण ऐसे भीषण गर्मी में पशु पक्षी पानी पीने को बेहाल हैं। ग्रामीणों ने तालाबों को भरे जाने एवं नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की हैं। गर्मी के मौसम में पारा लगातार चढ़ रहा है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि से से आम जनमानस का हाल बेहाल है। दिन में चल रही लू के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में लोग बिना किसी आवश्यक कार्य के घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां आम जन जीवन भीषण गर्मी के चलते अस्त व्यस्त है तो दूसरी ओर पशु पक्षी भी गर्मी के चलते बेहाल नजर आ रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद नहरों में पानी नहीं आ रहा है। ब्लॉक क्षेत्र के अधिकांश तालाब भी नहीं भरे गए हैं। जिसके चलते या तो तालाबों में पानी नहीं है अथवा जहां पानी है भी वह गंदा है। जो पीने योग्य नहीं है। ऐसे में पशु पक्षी भी पानी के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। पूर्व में गर्मी से पूर्व ही तालाबों को भरवा दिया जाता था। समय पूर्व गर्मी पड़ने इस बार ऐसा नजर नहीं आया। ग्रामीण रामकुमार बाथम , महावीर, अंकित, संदीप, दीपक कुमार, आशीष, अंकुर आदि कहते हैं हमेशा गर्मी के मौसम में नहरों में पानी छोड़ दिया जाता था जिससे गांव के लोग अपने गांव के तालाब तथा तलैया भर लेते थे। गर्मी के मौसम में पशु पक्षियों को पेयजल मिल जाता था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। जिसके चलते पशु पक्षी भी पेयजल के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से नहरों में शीघ्र पानी छोड़ने की मांग की है।