कालपी (जालौन)। पालिका सफाई के लाख दावे करे, परन्तु नगर की स्थिति इसके विपरीत है। नगर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा है। गंदगी होने से संक्रामक बीमारियाँ फैलने का खतरा बना रहता है। नगर में आये दिन जगह-जगह कूड़ा सड़क पर पड़ा रहता है। जिससे लोगों को परेशान होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े का बड़ा ढेर होने पर ही नगर पलिका कूड़ा उठाती है। छुट्टा जानवर कचरे में विचरण करते हैं। दुर्गंध से सड़क के किनारे आने जाने वालो लोगों को परेशानी होती है। शिकायत के बाद भी नियमित कूड़ा की उठान की नहीं की जाती है। समय से कूड़ा की उठान न होने के कारण नगर कूड़ादान बना हुआ है। जिससे लोगों में आक्रोश है। मोहल्लेवासियों रहीस खान, मनोज कुमार, सागर, बद्री, मातादीन, इलियास आदि ने बताया कि नालियों के पास कूड़े के ढेर होने के कारण लोगों को दुर्गंध से परेशान होना पड़ रहा है। आस-पास स्थित घरवालों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
कूड़े के अंबार में भोजन तलाशते हैं बेजुबान
नगर के मुहल्ला कागजीपुरा, स्टेशन रोड व नई बस्ती, उदनपूरा सहित विभिन्न मोहल्लों में समय से कूड़ा का उठान नहीं होता है। कूड़े के ढेरों में जानवर भोजन तलाशते हैं। गलियों व सड़कों के किनारे भारी तादाद में कचरे का अंबार लगा रहता है। आस-पास में लोग निवास करते है। दुर्गंध से लोगों को तो परेशानी होती ही है। वहीं जानवरों के कचरे में विचरण करने से पैदल जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। वहीं भूखे बेजुबान जानवर इस कचरे को निगल लेते हैं जो कि प्रायः उनके लिए जानलेवा साबित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन कूड़ा नहीं उठाया जाता, जिससे अंबार लग जाता है। नगर पालिका प्रशासन व संबंधित कर्मचारी केवल आजकल की बात कहकर बात टाल देते हैं।