कोंच

थ्रीव्हीलर चालकों, व्यापारियों व धर्मगुरुओं को प्रशासन ने शासन की मंशा से कराया अवगत

 

कोंच(जालौन):नगर में चल रहे थ्रीव्हीलर(ऑटो)वालों के साथ साथ गुरुवार की शाम प्रशासन ने व्यापारियों और धर्म गुरुओं की मौजूदगी में बैठक कर शासन की मंशा से अवगत कराया।अधिकारियों ने कहा, कोई भी डग्गामार वाहन किसी भी सूरत में नहीं चलेगा।अगर कोई व्यक्ति वाहनों से पैसा वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को भी जता दिया है कि अपने अतिक्रमण स्वयं ही हटा लें अन्यथा प्रशासन सख्ती के साथ हटा कर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही भी करेगा। दुकानदार पॉलिथिन का प्रयोग पूरी तरह बंद कर दें या कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं सीओ शाहिदा नसरीन की मौजूदगी में गुरुवार को कोतवाली परिसर में आहूत बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सभी थ्रीव्हीलर्स का रूट बनेगा और निर्धारित किराया वसूला जाएगा, वाहन पर उसका गाड़ी नंबर, चालक का नाम, मोबाइल नंबर, उसकी उम्र, रूट और किराया अंकित करना होगा। सभी थ्रीव्हीलर चालक अपने वाहन का वैरीफिकेशन कोतवाली में कराएंगे, नाबालिग बच्चे टैंपो बिल्कुल भी नहीं चलाएंगे। शुक्रवार से थाने में अपना रिकॉर्ड दर्ज कराना शुरू कर दें। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि पॉलिथिन पूर्णतः प्रतिबंधित है लिहाजा इसका प्रयोग बिल्कुल बंद कर दें। शासन के सख्त निर्देश हैं कि अतिक्रमण हर हाल में हटना है, इसको दुकानदार अपने आप हटा लें तो ठीक वरना प्रशासन तो हटा ही देगा और कार्यवाही होगी सो अलग। पालतू जानवर सड़कों पर ना ही घूमेंगे और ना ही रास्तों पर बांधे जाएंगे। बाजारों में प्राइवेट गार्ड रखें, दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवा लें, रास्तों में किसी की होर्डिंग नहीं लगेगी, सड़कों पर कोई भी गंदगी नहीं फैलाएगा। अधिकारियों ने धर्म गुरुओं से कहा कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की हेट स्पीच न होने दें, ये जिम्मेदारी उनकी है कि किसी भी तरह आपसी सद्भाव कायम रहे। इस दौरान एसएसआई आनंद कुमार सिंह, दरोगा नरेंद्र सिंह, खेमचंद्र, प्रभंजन गर्ग, संजीव गर्ग, संजय लोहिया, बिकार अहमद, काजी वशीर, शमसुद्दीन मंसूरी, संजय दीक्षित आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button