श्रमवीरों के सम्मान का उत्सव, मा0 मुख्यमंत्री जी ने किया ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का शुभारंभ
जनपद में भी गूंजा सम्मान का संदेश, पात्र श्रमिकों को मिली आर्थिक सहायता

उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का भव्य शुभारंभ करते हुए श्रम विभाग एवं शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने मा0 मुख्यमंत्री जी का वर्चुअल संबोधन देखा और सुना।
जनपद स्तर पर कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यालय श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उरई द्वारा ‘मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना’ के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। इसमें अभिषेक कुमार, नीरज कुमार, अरविंद कुमार राठौर एवं राज कुमार को 31-31 हजार रुपये तथा दीपेन्द्र कुमार को 26 हजार रुपये की धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे वास्तविक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में श्रमिक कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे।
जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, श्रम अधिकारी जगदीश कुमार आदि अधिकारी सहित बड़ी सख्यां में श्रमिक मौजूद रहे।



